हवेली खड़गपुर (मुंगेर)ब्यूरो, कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी —बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार ने आज हवेली खड़गपुर, मुंगेर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा विकास और सुशासन की राजनीति को चुना है, और इस बार भी जनता एनडीए गठबंधन को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा — “हमारा लक्ष्य है विकसित बिहार का निर्माण। जो कार्य अब तक हुए हैं, उन्हें और आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को मजबूत करना आवश्यक है।”
उन्होंने जनता से अपील की कि वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी श्री सम्राट चौधरी के पक्ष में मतदान करें और बिहार में स्थायी विकास व सामाजिक न्याय की दिशा में सरकार का साथ दें।
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य की एनडीए सरकारों की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया —
हर घर नल का जल,
बिजली- सड़क- शिक्षा की उपलब्धियाँ,
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रयास,
तथा कृषि और उद्योग के क्षेत्र में किए गए सुधार।
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों का परिणाम है कि आज बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल बयानबाज़ी और भ्रम फैलाने में लगे हैं, लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आएगी।





























