प्रियंका भारद्वाज/पटना ब्यूरो, 4 नवंबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज यहां कहा कि एनडीए सरकार बिहार की स्वाभिमानी महिलाओं के समृद्धि की गारंटी है। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर कहा कि 1.30 करोड़ बहनों के खातों में पहले चरण में 10 हजार रुपये की राशि पहुंच चुकी है और चुनाव के बाद दूसरे चरण में 2 लाख की राशि पहुंचाई जाएगी।
भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने राजद को निशाने पर लेते हुए और चिंता जताते हुए कहा कि एक तरफ एनडीए की सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए उनके खाते तक राशि पहुंचा रही है, वही दूसरी तरफ राजद के नेता चुनाव आयोग को लिखित प्रस्ताव देते हैं कि महिला के सशक्तिकरण के इस प्रयास को रोका जाए और बिहार की महिलाओं को इस आर्थिक सहयोग से वंचित किया जाए।
राजद और महागठबंधन को उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की गारंटी ने यह मुमकिन कर दिखाया है कि बिहार की स्वावलंबी और स्वाभिमानी महिलाएं जो आर्थिक सशक्तिकरण के रास्ते चल पड़ी हैं, वह न रुकेगी और न महागठबंधन के सामने झुकेगी। उन्होंने इसके लिए महिलाओं को साधुवाद भी दिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिला न केवल आर्थिक रूप से बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त हो, इस दृष्टिकोण से भारत की संसद ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक कानून पारित कर महिलाओं को 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया। तब भी और अब भी महिला विरोधी विपक्ष ने महिलाओं के पुरजोर सशक्तिकरण के इस अध्याय का विरोध किया, लेकिन एनडीए सरकार ने इस कानून को पारित किया, यह हम कार्यकर्ताओं का गौरव है।
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार ने जन धन योजना के तहत बिहार की गरीब बहनों को देश की अर्थव्यवस्था और बैंकिंग वित्तीय संस्थानों से जोड़ा गया। सरकार की तिजोरी से पैसे निकले तो सही हाथों तक पहुंचे, इस प्रयास को सफल होते बिहार की महिलाओं ने देखा। आज जनधन योजना से तीन करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।
उन्होंने बिहार की महिलाओं से निवेदन करते हुए कहा कि अगर उस साये से एनडीए की सरकार ने बिहार को उबारा है, दहशतगर्दों को हराया है, महिला को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया है एनडीए सरकार ने, तो फिर से एनडीए को समर्थन दें और स्वाभिमान और सम्मान के साथ बिहार का भविष्य रचें।
उन्होंने कहा कि गरीब महिला की रसोई में धुआं न हो, उसे भी स्वच्छ ईंधन मिले। इसके लिए भी उज्जवला योजना के तहत एक करोड़ 16 लाख बहनों को स्वच्छ ईंधन प्राप्त हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाएं जीवनयापन करें, छोटे व्यापार खुद संचालित करें, इस दृष्टिकोण से जीविका कार्यक्रम के अंतर्गत 11 लाख समूह एनडीए शासन में आर्थिक रूप से सशक्त हो गए हैं। सशक्तिकरण के इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि इस बिहार में महिलाओं के कल्याण के लिए वह सभी कार्य किये गए जो कभी किसी सरकार ने नहीं किये ।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी एवं विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी उपस्थित रहे।


























