Kaushlendra Pandey/औरंगाबाद जिले के कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केन्द्र प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी पहुंचे। उन्होंने प्राचीन कुटुंबा गढ़ स्थित खेल मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मित्र अंबानी और अडानी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से देश में काम कर रहे हैं। वे कहते हैं कि डाटा सस्ता कर दिया, लेकिन क्या डाटा सस्ता होने से युवाओं का पेट भर जाएगा? क्या सिर्फ रील्स बनाकर किसी की गृहस्थी चल सकती है?”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं बताई जाती, लेकिन उद्योगपति मित्रों को दान में देने के लिए सैकड़ों एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी जाती है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अन्य उद्योगों का निजीकरण कर दिया गया है, जिससे जनता को सिर्फ नोटबंदी और गलत जीएसटी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि “अरबपतियों को उतना ही जीएसटी देना पड़ता है, जितना एक किसान को — यही है भाजपा सरकार का न्याय।”
राहुल गांधी ने कहा कि गलत जीएसटी का फायदा अंबानी और अडानी को मिल रहा है क्योंकि वे चीन का माल भारत में बेचते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ें और यहां शर्ट, जूते, मोबाइल जैसी फैक्ट्रियाँ लगें।
“पहले विदेशों से लोग भारत में पढ़ने आते थे, आज हमारे युवा विदेश जा रहे हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो हम ऐसा माहौल बनाएंगे कि विदेशों से लोग बिहार में पढ़ने आएंगे,” उन्होंने कहा।
सभा के अंत में राहुल गांधी ने कुटुंबा समेत जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की।



























