पटना :: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने जनता के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि अब बिहार भाषण और जुमलों से नहीं, बल्कि परिणाम, सम्मान और उत्थान (Result, Respect, Rise) चाहता है।
तेजस्वी यादव ने प्रथम चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के लिए जनता को धन्यवाद देते हुए कहा — “आपने पूरे देश को संदेश दिया है कि अब बिहार बदलाव के लिए तैयार है। विपक्षियों की हर चाल जनता ने नाकाम कर दी है।”
उन्होंने कहा कि जनता ने “पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और सुनवाई” वाली तेजस्वी सरकार को चुनने का मन बना लिया है। यह जनता की उम्मीदों और बिहार के विकास का प्रतीक है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते 20 वर्षों में बिहार बेरोज़गारी, अपराध, भ्रष्टाचार और महंगाई से जूझता रहा, लेकिन अब जनता ठान चुकी है कि इन समस्याओं से मुक्ति पाकर एक आत्मनिर्भर, न्यायप्रिय और समानतामूलक बिहार का निर्माण करेगी।
उन्होंने आगे कहा — “असली आज़ादी बेरोज़गारी, घूसखोरी, भ्रष्टाचार और अन्याय से मुक्ति में है। हम हर बिहारी को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना चाहते हैं। गाँव का उत्थान होगा तभी राष्ट्र का उत्थान होगा।”
राजद नेता का यह संदेश चुनावी माहौल में जनता के बीच तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे कई राजनीतिक विश्लेषक “बदलाव का घोषणापत्र” बता रहे हैं।
✍️ रिपोर्ट :: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























