Kaushlendra Pandey-Patna/बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर आदरणीय श्री नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई दी है। मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी उन्होंने शुभकामनाएँ दीं। तेजस्वी यादव ने अपने संदेश में नई सरकार से उम्मीद जताते हुए कहा कि जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
तेजस्वी यादव ने लिखा कि आशा है नई सरकार अपने वादों और घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक और गुणात्मक परिवर्तन लाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं और सरकार को इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर काम करना चाहिए।
तेजस्वी के इस संदेश को राजनीतिक हलकों में सद्भाव और सकारात्मकता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार की जनता का हित सर्वोपरि है और किसी भी सरकार का मूल्यांकन उसके कामकाज के आधार पर ही होना चाहिए।
नई सरकार के गठन के बाद बिहार में राजनीतिक माहौल एक बार फिर सक्रिय हो गया है और जनता अब नई टीम से बेहतर प्रशासन और सुशासन की उम्मीद कर रही है।


























