सौरभ निगम/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। यह बैठक बेहद सार्थक और उत्पादक रही, जिसमें भारत–कनाडा संबंधों में तेजी से बढ़ती प्रगति पर दोनों नेताओं ने संतोष व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात कनाडा द्वारा आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जिसके बाद से द्विपक्षीय संबंधों ने गति पकड़ी है।
बैठक में व्यापार, निवेश, तकनीक और इनोवेशन, ऊर्जा सुरक्षा, शिक्षा और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूती देने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने माना कि आने वाले महीनों में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे, जो दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए लाभकारी साबित होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और मार्क कार्नी ने उभरती वैश्विक चुनौतियों, टिकाऊ विकास, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी प्रगति के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और कनाडा के बीच सहयोग जितना मजबूत होगा, वैश्विक स्तर पर सकारात्मक योगदान भी उतना ही प्रभावी होगा।




























