हैदराबाद में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में बक्सर जिला के ग्राम–सपही (ब्रह्मपुर) निवासी विजेंद्र राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। 60 वर्ष की उम्र में हासिल किया गया यह ऐतिहासिक प्रदर्शन न केवल बक्सर लोकसभा के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है।
सेना से सेवानिवृत्त और पेशे से अनुभवी तैराकी कोच विजेंद्र राय ने प्रतियोगिता में अपने कौशल, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उम्र को मात देते हुए उन्होंने दिखा दिया कि समर्पण और लगन किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम बनाती है।
खेल उपलब्धियों के साथ–साथ विजेंद्र राय समाजसेवा से भी जुड़े हुए हैं। वे लंबे समय से गोकुल जलाशय के पुनरुद्धार के लिए संघर्षरत हैं। उनका मानना है कि गोकुल जलाशय में जलीय खेलों की अपार संभावनाएँ मौजूद हैं। यदि इसे आधुनिक तरीके से विकसित किया जाए, तो यह राष्ट्रीय स्तर का तैराकी प्रशिक्षण केंद्र बन सकता है।
उनकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि बक्सर के लोगों, बिहार के खेल समुदाय और सभी जलीय खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणादायक है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी की ओर से विजेंद्र राय जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।


























