प्रिया सिन्हा/जैसलमेर/नई दिल्ली — केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर रेलवे स्टेशन से नई रेल सेवा ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई ट्रेन जैसलमेर को दिल्ली के शकूर बस्ती स्टेशन से जोड़ेगी। उद्घाटन के दौरान मंत्रियों ने कहा कि यह सेवा राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के लिए एक बड़ी सौगात है और इससे पूरे क्षेत्र में आवाजाही और विकास को नई गति मिलेगी।
नई ट्रेन सेवा जैसलमेर, रामदेवरा, जोधपुर, मकराना, जयपुर और अलवर जैसे प्रमुख शहरों को सीधे दिल्ली से जोड़ेगी। यह ट्रेन 1 दिसंबर से नियमित संचालन शुरू करेगी। इसके शुरू होने से जैसलमेर और आसपास के जिलों में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच काफी सुगम होगी। साथ ही इस मार्ग से रक्षा से जुड़े हजारों जवानों और कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी क्योंकि जैसलमेर क्षेत्र में सेना और सुरक्षा बलों की बड़ी मौजूदगी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें ट्रैक अपग्रेडेशन, स्टेशन सुधार और नई सुविधाएं शामिल हैं। जैसलमेर स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य भी अंतिम चरण में है जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई ट्रेन को जैसलमेर की पर्यटन क्षमता को मजबूत करने वाला कदम बताया और कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
नई ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ के शुरू होने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान के लोगों को दिल्ली से एक तेज, सुविधाजनक और सीधा रेल संपर्क मिल गया है, जिसका लंबे समय से इंतजार था।





























