मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने की दादा जी को श्रद्धांजलि, पैतृक गांव कल्याण बिगहा में पहुंचकर किया माल्यार्पण
Kaushlendra Pandey/पटना — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र इंजीनियर निशांत कुमार आज अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे, जहाँ उन्होंने अपने दादा और अमर स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में हिस्सा लिया। निशांत कुमार ने ‘कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका’ में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
निशांत कुमार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज दादा जी की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में नमन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में दादा जी के योगदान और समाज के लिए किए गए कार्य आज भी सभी को प्रेरणा देते हैं।
कल्याण बिगहा में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। लोगों ने बताया कि कविराज रामलखन सिंह न सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन के सक्रिय योद्धा थे बल्कि समाज में शिक्षा और जागरूकता फैलाने के लिए भी समर्पित रहे।
निशांत कुमार के आगमन से गांव के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह में उनके साथ परिवार के सदस्य और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद थे।