Kaushlendra Pandey /भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर ज्ञान भवन, पटना में आयोजित मेधा दिवस समारोह के दौरान शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री श्री सुनील कुमार ने डॉ. त्यागराजन एस.एम. को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान परीक्षा संचालन, अनुशासन, पारदर्शिता तथा प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दिया गया।
समारोह में बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार, एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उत्कृष्ट कार्यों को सराहना देना रहा।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की शिक्षा-प्रति प्राथमिकता और बिहार में बेहतर परीक्षा प्रणाली स्थापित करने की पहल को भी इस कार्यक्रम में रेखांकित किया गया।





























