नई दिल्ली। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने NHRC का नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज कराने, उसकी रियल-टाइम ट्रैकिंग करने और आयोग के सूचना-सामग्री तक सहज पहुँच प्रदान करना है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सार्वभौमिक मानवाधिकार अविच्छेद्य हैं और वे एक न्यायपूर्ण, समतामूलक और करुणामय समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार केवल संवैधानिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए सम्मान और अवसर सुनिश्चित करने का आधार हैं।
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता, संवेदनशील प्रशासन और मजबूत न्याय व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने NHRC द्वारा नागरिकों, विशेषकर कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए मानवाधिकार विशेषज्ञों, न्यायविदों, सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों और छात्रों ने भी भाग लिया।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























