सौरभ निगम/लखनऊ :इंदिरा नगर स्थित सेंट मैरीज़ इंटर कॉलेज, सेक्टर–14 में कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों द्वारा एक अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक कक्षा प्रस्तुति कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुचित शुक्ला एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य शालू कपूर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और बहुआयामी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण सांस्कृतिक विविधता कार्यक्रम रहा, जिसमें भारत की एकता में विविधता को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विभिन्न राज्यों की संस्कृति, वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भोजन का महत्व बड़े सरल, सहज और प्रभावी ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार हमारे शरीर के समुचित विकास के लिए कितना आवश्यक है तथा भोजन की कमी से अनेक प्रकार के रोग उत्पन्न हो सकते हैं। इसके पश्चात बच्चों ने दर्शकों को कंप्यूटर की दुनिया में ले जाते हुए कंप्यूटर के महत्वपूर्ण भागों एवं उनके उपयोग की जानकारी दी।
गणित विषय में विद्यार्थियों ने आकृतियों (Shapes) और नंबर फन के माध्यम से गणित को रोचक बनाया, वहीं हिंदी विषय में बच्चों ने एकवचन–बहुवचन एवं वाक्य संरचना पर सुंदर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 1 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ताइक्वांडो प्रदर्शन रहा। बच्चों ने अपने साहस, अनुशासन और आत्मबल का अद्भुत परिचय देते हुए ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा हवा में रखी टाइल्स को सटीक प्रहार से तोड़ना दर्शकों के लिए रोमांचक और प्रेरणादायक क्षण बन गया। इस प्रदर्शन ने बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प की झलक प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं मुख्य अतिथि सुचित शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने कौशल को निखारने का आशीर्वाद दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू कपूर ने पूरे कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावी संचालन किया। उनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में बच्चों ने मंच पर जिस आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति दी, उसकी अभिभावकों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अभिभावकों ने विद्यालय के प्रयासों और बच्चों में विकसित हो रहे आत्मविश्वास की विशेष सराहना की।
कार्यक्रम का फेसबुक पर लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे अभिभावकों ने अत्यंत पसंद किया। यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा का उत्सव होने के साथ-साथ सेंट मैरीज़ इंटर कॉलेज, सेक्टर–14 की शैक्षिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को भी प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करता रहा।



























