धर्मेंद्र कुमार/पालीगंज (पटना):पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल कार्यालय परिसर से बुधवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुल्हिन बाजार प्रखंड के खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिन बाजार प्रखंड क्षेत्र के काब पंचायत स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानदार विभा देवी को कुछ माह पूर्व अनियमितता के आरोप में निलंबित किया गया था। बाद में उन्हें निलंबन से मुक्त कर दिया गया और वे पुनः अपने कार्य में संलग्न हो गईं। इसी दौरान दुल्हिन बाजार प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार अकेला द्वारा कथित तौर पर डीलर विभा देवी से दस हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीडीएस दुकानदार ने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार बुधवार को पीडीएस दुकानदार रिश्वत की राशि लेकर पालीगंज अनुमंडल कार्यालय परिसर पहुंचीं, जहां पहले से तैनात निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वत लेते ही एमओ अभिषेक कुमार अकेला को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























