ONOS उपयोगकर्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, बिहार के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक वैश्विक शोध संसाधनों की पहुँच सुनिश्चित
Kaushlendra Pandey /उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में तथा सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क (INFLIBNET) के सहयोग से “One Nation One Subscription (ONOS)” पर आधारित एक दिवसीय उपयोगकर्ता जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों को ONOS पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपयोग प्रक्रिया तथा शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधी लाभों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में माननीय शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ONOS बिहार के लिए एक अत्यंत महत्वाकांक्षी और दूरगामी पहल है, जिसके माध्यम से राज्य के दूर-दराज़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के उच्च-गुणवत्ता शोध जर्नलों एवं शैक्षणिक प्रकाशनों तक समान डिजिटल पहुँच प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल डिवाइड को कम करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों की असमानता को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी और बिहार के युवाओं को वैश्विक अकादमिक मंच से जोड़ेगी. माननीय मंत्री ने बताया विश्विद्यालय स्तर की शिक्षा के साथ साथ शोध कार्य को भी बढ़ावा मिलेगा । राज्य सरकार के द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है कि बिहार को पूर्वात्तर राज्य का शोध केंद्र बनाया जाये।
इस अवसर पर प्रो एन. के. अग्रवाल, निदेशक, उच्च शिक्षा ने कहा कि ONOS के माध्यम से राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा एवं अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने इसे नई मान्यता (Accreditation) एवं NIRF प्रक्रियाओं में शोध की भूमिका को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सुश्री एम.एस. देविका पांडुरंग मडल्लि, निदेशक, INFLIBNET ने बताया कि बिहार देश का पहला राज्य है जहाँ सभी राज्य विश्वविद्यालयों ने INFLIBNET के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि ONOS प्लेटफॉर्म के माध्यम से Elsevier, Springer, Taylor & Francis सहित 30 से अधिक वैश्विक प्रकाशकों के 30,000 से अधिक शोध जर्नलों तक निःशुल्क पहुँच उपलब्ध कराई जा रही है। INFLIBNET द्वारा विश्वविद्यालयों को प्रशिक्षण, वेबिनार, तकनीकी सहायता एवं कॉल-सेंटर समर्थन भी प्रदान किया जा रहा है।
श्री राजीव रौशन, सचिव, उच्च शिक्षा विभाग ने कहा कि ONOS प्रधानमंत्री के “जय विज्ञान–जय अनुसंधान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जो 2047 तक आत्मनिर्भर और ज्ञान-आधारित भारत के निर्माण में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य के सभी 15 विश्वविद्यालयों में इस पहल को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में श्री राणा सिंह, निदेशक, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना (CIMP) ने सभी का स्वागत किया ।
गरिमामयी उपस्थिति
• माननीय श्री सुनील कुमार, शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार
• श्री राजीव रौशन, सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार
• प्रो एन. के. अग्रवाल, निदेशक, उच्च शिक्षा, बिहार
• सुश्री एम.एस. देविका पांडुरंग मडल्लि, निदेशक, INFLIBNET
• श्री राणा सिंह, निदेशक, CIMP, पटना
सहभागी विश्वविद्यालय (09)
कार्यक्रम में राज्य के आठ (08) विश्वविद्यालयों के विभागाध्यक्ष, प्राचार्य एवं पुस्तकालय नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे—
1. पटना विश्वविद्यालय
2. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय
3. आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय
4. नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी
5. मगध विश्वविद्यालय
6. जयप्रकाश विश्वविद्यालय
7. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय
8. भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय
9. मौलाना मज़हरुल हक़ अरबी एवं फ़ारसी विश्वविद्यालय
समापन में यह उल्लेख किया गया कि ONOS ज्ञान के लोकतंत्रीकरण की दिशा में एक निर्णायक पहल है, जो बिहार के उच्च शिक्षा संस्थानों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाएगी।