Kaushlendra Pandey -नई दिल्ली, गुरुवार। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का आज लोकसभा में भाजपा के चीफ व्हिप डॉ. संजय जायसवाल के नई दिल्ली स्थित आवास पर बिहार एनडीए सांसदों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सांसदों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बिहार एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता उपस्थित रहे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक तथा केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख एवं सांसद श्री उपेंद्र कुशवाहा, जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद श्री संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री एवं जदयू सांसद श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा केंद्रीय मंत्री एवं जदयू सांसद श्री रामनाथ ठाकुर ने भी श्री नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर लोकसभा में चीफ व्हिप एवं भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रवि शंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।




























