मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. नवीन किशोर सिन्हा की पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा— समाजसेवा और राष्ट्रहित के प्रतीक थे नवीन सिन्हा
Kaushlendra Pandey/पटना।माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित स्व. नवीन सिन्हा स्मृति पार्क में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक स्व. नवीन किशोर सिन्हा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. नवीन किशोर सिन्हा के सार्वजनिक जीवन, सामाजिक योगदान और जनसेवा को स्मरण करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित नेता बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्व. नवीन किशोर सिन्हा ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव जनहित को प्राथमिकता दी और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उनका जीवन नई पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं स्व. नवीन किशोर सिन्हा के सुपुत्र श्री नितिन नवीन, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री सतीश चन्द्र दूबे, उप-मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्री दिलीप कुमार जायसवाल, बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री भिखु भाई दलसानिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, सांसद श्री रविशंकर प्रसाद, विधायक श्री जनक राम, विधायक श्री जनक सिंह, विधायक श्री सुनील कुमार, पूर्व राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री नंद किशोर यादव, पूर्व विधायक श्री अरुण कुमार सिन्हा, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने स्व. नवीन किशोर सिन्हा के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण पूरी तरह भावुक और श्रद्धाभाव से परिपूर्ण रहा।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी