Kaushlendra Pandey/पटना/नई दिल्ली मुख्य ब्यूरो।के के बिड़ला फाउंडेशन के तत्वावधान में राजभाषाओं की अष्टम अनुसूची में सम्मिलित भारतीय भाषाओं के लिए प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित “सरस्वती सम्मान” की चयन समिति में प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अनिल सुलभ को सदस्य मनोनीत किया गया है।
इसके साथ ही उन्हें “पूर्व क्षेत्र समिति” के अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व भी सौंपा गया है। यह सूचना फाउंडेशन के निदेशक डॉ. सुरेश ऋतुपर्ण द्वारा 22 दिसंबर को निर्गत पत्र के माध्यम से दी गई, जो डॉ. सुलभ को गत सप्ताह प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि 15 लाख रुपये की सम्मान राशि वाला सरस्वती सम्मान देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों में शुमार है। इसकी चयन प्रक्रिया तीन स्तरों में सम्पन्न होती है, जिसमें क्षेत्रीय समितियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
इस अवसर पर डॉ. अनिल सुलभ ने के के बिड़ला फाउंडेशन के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री अर्जन कुमार सीकरी तथा निदेशक डॉ. सुरेश ऋतुपर्ण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परमात्मा द्वारा सौंपे गए इस दायित्व का वे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।
डॉ. सुलभ ने नववर्ष के आगमन के अवसर पर सभी आत्मीयजनों एवं शुभेच्छुओं को नूतन आंग्ल-वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कामना की कि सभी का जीवन मंगलमय, कल्याणकारी और आनंदपूर्ण सिद्ध हो।
रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























