पटना पुलिस का नशा व अपराध के खिलाफ बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 30 गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब व हथियार बरामद
पटना। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) पटना के नेतृत्व में नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों और अपराधियों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान लगातार तेज किया गया है। इसी कड़ी में पटना पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत विगत 24 घंटे में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अभियान के दौरान कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के कारण 05 अभियुक्तों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने 01 देशी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा, साथ ही 473.87 लीटर अवैध शराब एवं 03 वाहनों को जब्त कर बरामद किया है।
इसके अलावा, वारंट, कुर्की एवं इश्तेहार के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 19 अभियुक्तों के मामलों का निष्पादन किया गया है, जिससे लंबे समय से लंबित मामलों में भी प्रगति दर्ज की गई है।
पटना पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के समन्वय से पुलिस ने 03 गुमशुदा युवक/युवतियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को बड़ी राहत दी है।
इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना श्री भानु प्रताप सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि अपराध और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी