मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से रविवार शाम लखनऊ में कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के सभी 24 सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की
सौरभ निगम/CIN /मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से रविवार शाम लखनऊ में कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के सभी 24 सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में एमएसएमई, धार्मिक पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश करने की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश के लिए देश का सबसे सुरक्षित और अनुकूल राज्य बनकर उभरा है। Government of UP की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन, काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम और प्रयागराज के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश में ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म के क्षेत्र में नए प्रयासों को लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास, धार्मिक पर्यटन के विस्तार और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना करते हुए भविष्य में ठोस निवेश योजनाओं पर कार्य करने की इच्छा जताई।
यह मुलाकात उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।