बेगूसराय/ बिहार में मद्यनिषेध कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है
बेगूसराय।बिहार में मद्यनिषेध कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार के विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से बिहार में विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।
प्राप्त सूचना के आधार पर साहेबपुर कमाल थाना, जिला बेगूसराय के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की गई। इस दौरान दिनांक 04 जनवरी 2026 को एक 10 चक्का हाइवा ट्रक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें छुपाकर लाई जा रही लगभग 4224 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप को बाहरी राज्य से बिहार में खपाने की योजना का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में बिहार पुलिस, बेगूसराय पुलिस, गृह विभाग, बिहार सरकार तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार की सक्रिय भूमिका रही।
#Bihar #BiharPolice #HainTaiyaarHum #BiharProhibition #BegusaraiPolice