नई दिल्ली। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/किसानों को केंद्र में रखकर भारत सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने, समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के उर्वरक विभाग द्वारा कल नई दिल्ली में एक दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने हमेशा किसानों को नीति निर्माण के केंद्र में रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं और फैसलों की प्राथमिकता यही है कि किसानों का जीवन आसान बने और उनकी आय में वृद्धि हो।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति, संतुलित उपयोग और मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों तक सही समय पर सही उर्वरक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
चिंतन शिविर में उर्वरक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ एवं विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें नीति क्रियान्वयन, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सतत कृषि और किसान हितैषी सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह चिंतन शिविर किसान कल्याण और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में उर्वरक प्रबंधन और कृषि उत्पादकता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।




























