सौरभ निगम – नई दिल्ली।भारत ने वैश्विक स्तर पर जिम्मेदार और नैतिक शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘जिम्मेदार राष्ट्र सूचकांक (रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स – RNI)’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम राजधानी नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन (WIF) के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
यह सूचकांक देशों के मूल्यांकन के लिए एक व्यापक वैश्विक ढांचा प्रस्तुत करता है, जो पारंपरिक संकेतकों जैसे शक्ति, सैन्य क्षमता और आर्थिक समृद्धि से आगे बढ़कर नैतिक शासन, सामाजिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर देशों का आकलन करेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जिम्मेदार राष्ट्र सूचकांक का उद्देश्य वैश्विक समुदाय को यह समझाने में मदद करना है कि किसी देश की वास्तविक प्रगति केवल आर्थिक आंकड़ों से नहीं, बल्कि उसके मानवीय मूल्यों, समावेशी विकास और सतत नीतियों से मापी जानी चाहिए। यह सूचकांक नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के लिए एक उपयोगी संदर्भ बिंदु के रूप में कार्य करेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि RNI के माध्यम से देशों को जवाबदेह शासन, सामाजिक न्याय और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में बेहतर नीतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। भारत द्वारा इस वैश्विक पहल की मेजबानी करना देश की वैचारिक नेतृत्व क्षमता और अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों, नीति विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























