प्रियंका भारद्वाज/उदयपुर ब्यूरो। भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की ओर से राजस्थान के उदयपुर में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सरकार एक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और समावेशी खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने, मूल्यवर्धन को प्रोत्साहित करने, खाद्य सुरक्षा और पोषण को सुदृढ़ करने तथा युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाता है।
चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों, अवसरों और भविष्य की रणनीतियों पर गहन मंथन किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार राज्यों के साथ मिलकर नवाचार, निवेश और तकनीक के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























