प्रियंका भारद्वाज/गुवाहाटी (असम)। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की ओर से राज्यों में चल रही केंद्रीय क्षेत्र की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर 21 जनवरी 2026 को असम की राजधानी गुवाहाटी में एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान इस बात पर विस्तार से चर्चा हुई कि बुनियादी ढांचा किसी भी विकसित देश की रीढ़ होता है और यह माननीय प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प का एक प्रमुख स्तंभ है। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत, आधुनिक और टिकाऊ बुनियादी ढांचा देश की आर्थिक प्रगति, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक विकास के लिए अनिवार्य है।
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि प्रधानमंत्री के इंटीग्रेटेड, भविष्य के लिए तैयार और समावेशी बुनियादी ढांचे के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर देशभर में विश्व स्तरीय भौतिक (फिजिकल) और डिजिटल नेटवर्क विकसित किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य उत्पादकता बढ़ाना, प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करना और आम नागरिकों के लिए जीवन की आसानी (Ease of Living) को बेहतर बनाना है।
प्रेस ब्रीफिंग में बताया गया कि सड़क, रेल, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में चल रही परियोजनाएं न केवल आर्थिक गतिविधियों को गति दे रही हैं, बल्कि रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से इन परियोजनाओं की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























