Kaushlendra Pandey /नई दिल्ली।राष्ट्रपति भवन स्थित ऐतिहासिक और अत्यंत आकर्षक अमृत उद्यान को आम नागरिकों के लिए 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक खोलने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान देशभर से आने वाले लोग राष्ट्रपति भवन के इस भव्य उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, विविध पुष्प प्रजातियों और सुसज्जित हरियाली का आनंद उठा सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृत उद्यान में सप्ताह में छह दिन आम जनता को प्रवेश की अनुमति होगी। उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5:15 बजे तक मान्य होगा।
हालांकि, सोमवार को रखरखाव (मेंटेनेंस) के कारण उद्यान बंद रहेगा। इसके अलावा 4 मार्च 2026 को होली पर्व के अवसर पर भी अमृत उद्यान आम जनता के लिए बंद रहेगा।
महत्वपूर्ण बात यह है कि अमृत उद्यान का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। आगंतुकों को केवल ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इच्छुक लोग राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट
👉 https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/
पर जाकर अपनी बुकिंग और पंजीकरण कर सकते हैं।
अमृत उद्यान, जिसे पहले मुगल गार्डन के नाम से जाना जाता था, हर वर्ष वसंत ऋतु में आम जनता के लिए खोला जाता है। यहां गुलाब, ट्यूलिप, मौसमी फूलों, औषधीय पौधों और दुर्लभ प्रजातियों का अनोखा संगम देखने को मिलता है। यह उद्यान न केवल प्रकृति प्रेमियों बल्कि विद्यार्थियों, पर्यटकों और परिवारों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
(स्रोत: प्रेस सूचना ब्यूरो – PIB)























