सौरभ निगम/प्रयागराज।पावन पर्व बसंत पंचमी के अवसर पर तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी संगम पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगम में पुण्य स्नान कर रहे देश-प्रदेश के सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से संदेश साझा करते हुए कहा—
“बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई। पावन संगम में ‘आस्था की डुबकी’ सभी के लिए शुभ-फलदायी हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, माँ गंगा से यही प्रार्थना है।”
मुख्यमंत्री के इस संदेश में भारतीय सनातन परंपरा, श्रद्धा और लोकआस्था की गहरी झलक देखने को मिली। बसंत पंचमी के अवसर पर संगम तट पर प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की पुख्ता व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बसंत पंचमी को ज्ञान, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का पर्व माना जाता है। इस अवसर पर संगम में स्नान को विशेष पुण्यकारी माना जाता है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
— रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























