अमित राय/कोलकाता।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी का जीवन, विचार और संघर्ष आज भी देशवासियों को देशभक्ति, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने संदेश में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आज़ादी के संघर्ष को नई दिशा दी और युवाओं में राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने का जज़्बा पैदा किया। उन्होंने कहा कि “नेताजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे, जो हमेशा भारत की आत्मा में जीवित रहेंगे।”
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि सुभाष चंद्र बोस का योगदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अतुलनीय है। आज़ाद हिंद फौज के गठन से लेकर “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसे ओजस्वी नारों तक, नेताजी ने पूरे देश को एकजुट करने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि उनके सपनों का भारत समानता, न्याय और आत्मनिर्भरता पर आधारित था। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती को नेताजी जैसी महान विभूति पर हमेशा गर्व रहेगा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में राज्य के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
— रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























