Kaushlendra Pandey/कोलकाता:बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर देवी मां सरस्वती की वंदना के साथ एक भावपूर्ण संदेश साझा किया।
अपने ट्वीट में अभिषेक बनर्जी ने मां सरस्वती को संगीत, कला, वाणी, ज्ञान और विद्या की अधिष्ठात्री बताते हुए प्रार्थना की कि देवी के आशीर्वाद से मानव मन से अज्ञानता और अंधकार का विनाश हो। उन्होंने कामना की कि वीणापाणि देवी की कृपा से बंगाल सहित पूरे देश के विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल बने।
अभिषेक बनर्जी ने लिखा कि सच्ची बुद्धि और वास्तविक ज्ञान के प्रकाश में समाज की सभी दीनता और मलिनता धुल जाए। साथ ही, देश की सृजनात्मक प्रतिभाएं और कलात्मक चेतना पूर्ण रूप से विकसित हों—यही उनकी देवी के चरणों में प्रार्थना है।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि उत्सव के इस वातावरण में आपसी सौहार्द और भाईचारे की अलोक-शिखा प्रज्वलित हो तथा जाति, धर्म, वर्ण और वर्ग से ऊपर उठकर सभी लोग इस आनंदोत्सव में सहभागी बनें। देवी सरस्वती की शुभ्र ज्योति से संपूर्ण विश्व आलोकित हो—ऐसी कामना भी उन्होंने व्यक्त की।
अभिषेक बनर्जी ने बसंत पंचमी के इस पुण्य अवसर पर मां सरस्वती की आराधना से जुड़े कुछ दिव्य और प्रेरणादायक क्षणों को भी साझा किया।
प्रस्तुति: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























