अमित राय/कोलकाता:बसंत पंचमी के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के प्रतिष्ठित और प्राचीन महिला शिक्षण संस्थान जोगमाया देवी कॉलेज में आयोजित सरस्वती पूजा एवं वाणी वंदना कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कॉलेज की एक प्रাক্তनी छात्रा के रूप में अपनी पुरानी स्मृतियों में डूबी नजर आईं और माहौल भावनात्मक हो गया।
देवी मां सरस्वती के चरणों में नमन करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यवासियों को सरस्वती पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्या, बुद्धि, संगीत और कला की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के आशीर्वाद से बंगाल सहित पूरे देश के विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल हो।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि जोगमाया देवी कॉलेज से जुड़ी उनकी अनेक स्मृतियां आज भी जीवंत हैं। प्रাক্তन और वर्तमान छात्राओं के मिलन उत्सव में शामिल होकर वे भावुक हो उठीं। उन्होंने कामना की कि सच्चे ज्ञान के प्रकाश से समाज की सभी मलिनताएं और दीनताएं दूर हों।
बसंत पंचमी के इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि देवी की कृपा से बंगाल की सृजनात्मक प्रतिभा, साहित्य, संगीत और कला परंपरा सदा शाश्वत बनी रहे। ज्ञान की आलोक शिखा से विश्व आलोकित हो तथा जाति-धर्म-वर्ण से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द और समरसता के साथ यह आनंदोत्सव मनाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्सव का वातावरण रहा और छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रस्तुति: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























