Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली:इंस्टीट्यूट फॉर ऑपरेशंस रिसर्च एंड द मैनेजमेंट साइंसेज (INFORMS) ने 2026 फ्रांज एडेलमैन पुरस्कार के लिए छह वैश्विक फाइनलिस्ट की घोषणा की है। इन प्रतिष्ठित फाइनलिस्टों में भारत का खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (Department of Food & Public Distribution) भी शामिल है, जो देश के लिए एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मानी जा रही है।
फ्रांज एडेलमैन पुरस्कार को व्यापक रूप से “ऑपरेशंस रिसर्च और एनालिटिक्स का नोबेल पुरस्कार” कहा जाता है। यह पुरस्कार उन्नत एनालिटिक्स के दुनिया के सबसे प्रभावशाली और उच्च-मूल्य वाले अनुप्रयोगों को मान्यता देता है, जिनका वास्तविक दुनिया में व्यापक सामाजिक और आर्थिक प्रभाव पड़ता है।
शीर्ष छह वैश्विक फाइनलिस्ट में नामित होने के साथ ही भारत की ‘अन्न चक्र’ पहल सार्वजनिक प्रणालियों के आधुनिकीकरण, सरकारी सुधारों और बड़े पैमाने पर लॉजिस्टिक्स ऑप्टिमाइज़ेशन में विश्लेषणात्मक नवाचार के एक प्रभावी मॉडल के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित हो गई है।
‘अन्न चक्र’ ने डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली और उन्नत एनालिटिक्स के माध्यम से खाद्य आपूर्ति श्रृंखला को अधिक कुशल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यह पहल न केवल भारत की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सशक्त करती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर सुशासन और तकनीक-संचालित सुधारों के लिए एक उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
INFORMS द्वारा यह मान्यता भारत में सार्वजनिक नीति और प्रशासन में उन्नत विश्लेषणात्मक समाधानों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है।
स्रोत: प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB)
प्रस्तुति: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























