सौरभ निगम/नई दिल्ली।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा देशभर से आए MAITRIs और पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF) के लाभार्थियों के साथ एक विशेष संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में कार्य कर रहे हितधारकों के अनुभव साझा करना और योजनाओं के प्रभाव का आकलन करना रहा।
संवाद सत्र के दौरान लाभार्थियों ने AHIDF योजना के तहत मिले सहयोग से पशुपालन अवसंरचना, डेयरी प्रसंस्करण, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिले लाभों की जानकारी साझा की। मंत्रालय ने MAITRIs की भूमिका को पशुपालन उद्योग के विकास, क्षमता निर्माण और नवाचार को बढ़ावा देने में अहम बताया।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि AHIDF योजना का उद्देश्य निजी निवेश को प्रोत्साहित कर पशुपालन, डेयरी और मांस प्रसंस्करण क्षेत्र में आधुनिक अवसंरचना विकसित करना है, जिससे किसानों और उद्यमियों की आय में वृद्धि हो सके।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित यह संवाद देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पशुपालन क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करता है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी



























