सौरभ निगम /नई दिल्ली।77वें गणतंत्र दिवस परेड 2026 में पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रस्तुत SVAMITVA योजना की झांकी ने ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रभावशाली झलक पेश की। झांकी के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार ग्रामीण आवासीय संपत्तियों पर कानूनी स्वामित्व मिलने से आम नागरिक सशक्त हो रहे हैं और पंचायती राज संस्थाएं अधिक मजबूत बन रही हैं।
झांकी में यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया कि SVAMITVA (Survey of Villages and Mapping with Improvised Technology in Village Areas) योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से गांवों में संपत्तियों का डिजिटलीकरण कर प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। इससे न केवल भूमि विवादों में कमी आई है, बल्कि योजनाबद्ध ग्रामीण विकास को भी नई दिशा मिली है।
अब तक इस योजना के तहत देशभर के 1.84 लाख से अधिक गांवों में लगभग तीन करोड़ संपत्ति कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इससे ग्रामीण नागरिकों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और संपत्ति से जुड़े कानूनी अधिकारों का लाभ मिल रहा है।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल झांकियों में से नागरिक MyGov पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंदीदा झांकी के लिए मतदान भी कर सकते हैं।
📊 मतदान करें: MyGov पोल पर SVAMITVA झांकी को दें अपना वोट।
SVAMITVA योजना की यह प्रस्तुति “ग्राम स्वराज से विकसित भारत” की संकल्पना को सशक्त करती है और यह संदेश देती है कि मजबूत गांव ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























