प्रियंका भारद्वाज/वैशाली।उच्च माध्यमिक विद्यालय सहथा, भगवानपुर (वैशाली) में नवनियुक्त प्रधानाध्यापक डॉ. संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में इस वर्ष पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन अत्यंत भव्य एवं प्रेरणादायक रूप में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक योग्यता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं छात्राओं ने सांस्कृतिक विरासत कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 11वीं की छात्रा प्रज्ञा मिश्रा रहीं, जिन्होंने “वंदे मातरम्” का संपूर्ण गायन प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। उनके साथ अन्य छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने विद्यालय परिसर को रचनात्मक और सृजनात्मक ऊर्जा से भर दिया।
समारोह का मंच संचालन शिक्षिका आशामणी शर्मा एवं छात्रा सलोनी कुमारी ने संयुक्त रूप से कुशलतापूर्वक किया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।
गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी संख्या में गांववासी शामिल हुए और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से अभिभूत होकर प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों को धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने विद्यालय में इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
यह समारोह विद्यालय के लिए न केवल एक यादगार उपलब्धि रहा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश भी बना।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी


























