Kaushlendra Pandey | महाराष्ट्र ब्यूरो /महाराष्ट्र के बारामती में दिवंगत वरिष्ठ जननेता अजित पवार जी की अंतिम यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि अजित पवार जी के निधन से देश ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और सुशासन को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार जी एक कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ दूरदर्शी नेता भी थे, जिनका योगदान महाराष्ट्र के विकास की यात्रा में सदैव याद रखा जाएगा।
नितिन नवीन ने अपने ट्वीट के माध्यम से भी शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अजित पवार जी ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए महाराष्ट्र के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक अनुभवी जननेता के रूप में उनका व्यक्तित्व, प्रशासनिक दक्षता और निर्णय लेने की क्षमता सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही है।
उन्होंने कहा कि अजित पवार जी का राजनीतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के नेताओं को जनसेवा, जवाबदेही और विकास के प्रति प्रतिबद्ध रहने की सीख देता रहेगा। उनके असामयिक निधन से महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति हुई है।
अंतिम यात्रा के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और उनके योगदान को स्मरण किया।





























