सौरभ निगम/नई दिल्ली।दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 500 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया गया, वहीं दिल्ली–पानीपत इंटर-स्टेट बस सेवा का भी लोकार्पण किया गया। इस पहल को राजधानी में स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि दिल्ली समग्र विकास, आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ ‘विकसित दिल्ली’ के रूप में स्थापित हो। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में यह सपना आज विभिन्न विकासात्मक पहलों के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और आम जनता को किफायती व सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
दिल्ली–पानीपत इंटर-स्टेट बस सेवा के शुरू होने से दिल्ली और हरियाणा के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा, जिससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्रीगण, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिल्ली सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों की सराहना करते हुए आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज होने का भरोसा जताया।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी

























