वैशाली। उच्च माध्यमिक विद्यालय सहथा भगवानपुर, वैशाली में प्रधानाध्यापक डॉ. संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विज्ञान और गणित क्लब के नोडल शिक्षक रंजीत कुमार एवं कुमारी निहारिका नेहा के दिशा-निर्देश में विद्यालय परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान के महत्व, उपयोगिता और आधुनिक जीवन में इसकी भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
उच्च माध्यमिक विद्यालय सहथा संकुल की समन्वयक एवं उच्च मध्य विद्यालय सहथा नियामतपुर की प्रधानाध्यापिका श्रीमती उर्मिला सिन्हा तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्र आर्यन, कुणाल कुमार, सलोनी कुमारी, प्रज्ञा मिश्रा और खुशी कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान की आवश्यकता और दैनिक जीवन में उसकी उपयोगिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र राहुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी



























