नई दिल्ली। Delhi Police की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन वाले एक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
कार्रवाई के दौरान अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “JANNAT 247” संचालित करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह रैकेट ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाजी चला रहा था और इसके तार विदेशों तक जुड़े होने की आशंका है।
छापेमारी में पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 6 एटीएम कार्ड, 11 सिम कार्ड, 6 बैंक पासबुक, एक खातों का रजिस्टर तथा किरायानामा (Rent Agreement) की प्रति बरामद की है। जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।



























