पटना. गुरुवार, 5 मार्च, 2026/ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने अपने एक्स हैंडल सहित सोशल मीडिया पर भाजपा और जदयू के कार्यकर्ताओं से सवाल किया है कि क्या 2030 आ गया? साथ ही उन्होंने पूछा है कि क्या आपके नारे का यही हश्र हुआ कि 2030 तक नीतीश का नारा देने वाले 2026 में ही उन्हें फिनिश कर दिए!
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि “मैं BJP और JDU के नेताओं और कार्यकर्ताओं से, बिहार के मतदाताओं से पूछना चाहता हूं—
“25 से 30, फिर से नीतीश”
क्या हुआ इस नारे का?
क्या 2030 आ गया?
आज बिहार में एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जबरदस्ती, षड्यंत्र के तहत सत्ता से बेदखल किया जा रहा है। यह षड्यंत्र भाजपा और जदयू के कुछ नेताओं ने मिलकर रचा है। मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के साथ भी इन लोगों ने खिलवाड़ किया है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी, राहुल जी और हम सबने बार-बार लोगों को आगाह किया था ।
भाजपा और RSS को पता था कि इनके नाम पर बिहार में वोट नहीं मिलेगा। इसलिए नीतीश जी के नाम पर चुनाव जीतकर और उन्हें धोखे से हटाकर बिहार पर कब्जे का गंदा खेल रचा गया।
यह बिहार के करोड़ों मतदाताओं और नीतीश कुमार जी के कार्यकर्ताओं की भावनाओं की हत्या है। यह जनमत की हत्या है। BJP ने आज नीतीश जी को निपटाया है, जल्द ही ये JDU को भी निपटा देंगे। JDU को तोड़ने का प्लान भी इनका तैयार है।
राजनीतिक विचारधारा और पक्ष-विपक्ष की राजनीति से अलग, मैं व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री जी के साथ हो रहे इस गंदे खेल को लेकर मर्माहत हूं। मुझे उनके साथ काम करने का भी मौका मिला है।”
भाजपा द्वारा उत्पन्न किए गए ताजा घटनाक्रम से बिहार में अस्थिर हुए राजनीतिक माहौल से बिहार की आम जनता ठगी हुई महसूस कर रही है।




























