पटना ब्यूरो |कौशलेन्द्र पाण्डेय / बिहार के शिक्षा मंत्री Sunil Kumar ने कहा कि राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मंगलवार को शैक्षणिक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्रों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शोध, नवाचार और कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
शिक्षा मंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भी कार्यशाला की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षाविदों से आग्रह किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए मिलकर काम करें, ताकि बिहार के छात्र देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें।




























