Kaushlendra Pandey , पटना। बिहार जदयू के मा0 प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का तृतीय चरण कोशी-सीमांचल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। यह यात्रा क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि 10 से 14 मार्च के बीच मा0 मुख्यमंत्री कोशी-सीमांचल समेत 10 जिलों का दौरा करेंगे तथा विभिन्न विकास योजनाओं का जमीनी अवलोकन करेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योग सहित सभी क्षेत्रों के आधारभूत ढाँचे के विकास को नई दिशा मिलेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के कुशल नेतृत्व में बीते दो दशकों के दौरान बिहार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। उनकी दूरदर्शी सोच और सशक्त विजन का ही परिणाम है कि कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाने वाला बिहार आज विकास के नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। 14 करोड़़ बिहारियों को अपना परिवार मानते हुए मा0 मुख्यमंत्री हर वर्ग की तरक्की, उन्नति और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मा0 मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा आने वाले दिनों में बिहार को देश के शीर्ष 10 विकसित राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा राज्य के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगी। साथ ही यह भावी पीढ़ियों के लिए स्वर्णिम बिहार के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।




























