Kaushlendra Pandey /पटना। जिलाधिकारी, पटना के निदेश पर घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा इसके अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित किया गया है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर दे सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों एवं डिस्ट्रिब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। गैस की बुकिंग और डिलिवरी की प्रक्रिया पहले की तरह मिस्ड कॉल, एसएमएस/आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के माध्यम से जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि एलपीजी गैस की बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल निर्धारित है। इस पूरे मामले की नियमित समीक्षा गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति), विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ की जा रही है। प्रशासन की स्थिति पर लगातार नजर है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि पैनिक बुकिंग न करें। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को एलपीजी गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ब्लैकमार्केटिंग और होर्डिंग को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इसमें संलिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
























