Kaushlendra Pandey पटना:पटना जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रिब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर पैनिक बुकिंग न करें, क्योंकि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि एलपीजी की पारदर्शी और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सजग और तत्पर है। किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए जिला गैस हेल्पलाइन को सक्रिय रखा गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस की ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना मिले तो तत्काल जिला गैस हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।





























