बागपत/नई दिल्ली, 19 मार्च 2026 (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी):देश के ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश के बागपत में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने ‘चौधरी अजीत सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) फॉर डिजाइन एंड फैशन टेक्नोलॉजी’ का उद्घाटन किया।
यह सेंटर अपैरल, मेड-अप्स एंड होम फर्निशिंग सेक्टर स्किल काउंसिल (AMHSSC) द्वारा स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को डिजाइन और फैशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आधुनिक प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी अमित मीणा, एएमएचएसएससी के चेयरमैन डॉ. ए. सक्थिवेल और सीईओ आशीष श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जयन्त चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ना समय की जरूरत है। ऐसे सेंटर युवाओं को उद्योग के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह पहल ‘स्किल इंडिया’ मिशन को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देगी।



























