मुंबई स्थित IIT Bombay में ‘भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार Prof. Ajay Kumar Sood ने किया।
इस मौके पर प्रो. सूद ने कहा कि भारत तेजी से डीप-टेक इनोवेशन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है और ऐसे प्लेटफॉर्म नवाचार को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि देश में तकनीकी समाधान के जरिए वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने की अपार संभावनाएं हैं।
इस प्री-समिट में देशभर से आए 3,000 से अधिक आवेदनों में से चयनित 137 स्टार्टअप्स को अपने अभिनव विचार और तकनीकों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। ये स्टार्टअप्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, बायोटेक, रोबोटिक्स और अन्य उभरते क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के डीप-टेक इकोसिस्टम को मजबूत करना, निवेशकों और इनोवेटर्स के बीच संवाद बढ़ाना और स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच प्रदान करना है।
‘भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट’ के जरिए देश में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)




























