नई दिल्ली। ‘मेरा युवा भारत शहीद दिवस पदयात्रा’ के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने देश के युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का संदेश देता है।
इस राष्ट्रव्यापी पदयात्रा में देश के 763 जिलों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती मिली और देशभक्ति का जज़्बा और प्रबल हुआ।
मंत्री ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि वह शहीदों के आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़े, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर पदयात्राएं, जागरूकता अभियान और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)





























