पटना ब्यूरो , 22 मार्च, 2026 । महान समाजवादी चिंतक एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की जयंती के अवसर पर लोहिया जयंती सह उत्कृष्ट सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार को वाणिज्य प्रकोष्ठ द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान और भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी की मौजूदगी में प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों ने द्वीप प्रज्जवलित कर किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य प्रकोष्ठ, भाजपा बिहार के प्रदेश संयोजक डॉ. प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने की। इस अवसर पर समाज, व्यापार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इसके पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ भगत ने किया, वहीं स्वागत भाषण प्रियंका राय एवं मधुप्रिया ने किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया का संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, न्याय और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि लोहिया जी के आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेना चाहिए और लोहिया जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने अपने संबोधिन में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए डॉ. प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता की सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि गरीब तबके से आने वाले लोहिया जी ने अपने दम पर पहचान बनायी। आजादी की लड़ाई में लोहिया जी का महत्वपूर्ण योगदान था। उन्होंने सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं को लोहिया जी के विचारधारा से सीख लेनी चाहिए। लोहिया जी चुट्टीकटवा नहीं थे, बल्कि स्पष्ट राजनीति करते थे। मंत्री ने कहा कि वंचितों के बिना कोई सरकार नहीं बन सकती है। हमसभी एकजुट होंगे तो हमारी पूछ बढ़ेगी। अब गरीब-वंचित समाज अपने वोट के अधिकार को समझने लगे हैं। वोट से चोट कर रहे हैं। उन्होंने वैश्य समाज से आह्वान किया कि समाज को शिक्षित जरूर करें, क्योंकि शिक्षा से ही समाज का तस्वीर और तकदीर बदल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी लोहिया जी के विचारधारा पर ही चलकर सबका साथ-सबका विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि लोहिया जी के विचार आज भी समाज में समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि लोहिया का जीवन संघर्ष और सिद्धांतों की मिसाल है, जिससे नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को जयंती पर नमन करते हुए कहा कि लोहिया जी समाजवादी विचारधारा के स्तंभ थे। उन्होंने हर वर्गों को हक दिलाने का काम किया। आगे कहा कि संघर्ष करने वालों की कभी हार नहीं होती, मौका जरूर मिलता है।
वहीं कार्यक्रम में समाज और अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमुख व्यक्तियों को मोमेंटो व बुके देकर सम्मानित किया गया, जिसमें डॉ. सुनील अग्रवाल, अधिवक्ता पार्थ सारथी, आरकेडी के प्रिंसिपल दिवाकर प्रसाद, चैंबर आॅफ कॉमर्स के अध्यक्ष रामलाल खेतान, अर्पिता गुप्ता, डॉ. गौतम कुमार, अधिवक्ता मिथिलेश कुमार गुप्ता, अधिवक्ता मनोज गुप्ता, रियल स्टेट से जुड़े दुर्गेश कुमार सोनू एवं अन्य शामिल हैं।
समारोह में मंच पर सह संयोजक एवं समाजसेवी मन्नू चौधरी, राजेश्वर प्रसाद राजेश, मिंटू जायसवाल, अजय गुप्ता, दिलीप कुमार गुप्ता, पवन जायसवाल, सोनू गुप्ता, चितरंजन महतो, इंद्रभान सिंह, संजीव कुमार पाल, प्रिंस कुमार गुप्ता, जयश्री, राजीव कुमार सिंह, संजन जायसवाल, सुशील सिंह, रूपा रानी साह, राजकुमार रश्मि, नागेन्द्र साह, प्रवक्ता नरेश महतो आदि ने अपने विचार व्यक्त किए और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों एवं उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की डॉ. नीलम गुप्ता ने अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय प्रभारी देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




























