असम में गरजे Hemant Soren, दुलियाजान में पीटर मिंज के समर्थन में किया धुँआधार प्रचार
कशिश सिंह (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी): असम के Duliajan विधानसभा क्षेत्र में झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने जनसभा कर राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रत्याशी पीटर मिंज के समर्थन में लोगों से मुलाकात की और तीर-धनुष चुनाव चिन्ह के पक्ष में जोरदार अपील की।
अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि तीर-धनुष केवल एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि सदियों से शोषित, वंचित और आदिवासी समाज के सम्मान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस चिन्ह पर लोगों को गर्व है और यह उनके अधिकारों की लड़ाई का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने असमिया भाषा में भी संदेश देते हुए कहा—
“চিহ্ন আমাৰ ধনু-কাঁড়” (हमारा चिन्ह तीर-धनुष है), जिससे सभा में मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
दुलियाजान में आयोजित इस जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जिससे यह साफ संकेत मिला कि क्षेत्र में JMM को लेकर जनसमर्थन बढ़ रहा है। हेमंत सोरेन के इस धुँआधार दौरे ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि असम में JMM की सक्रियता और हेमंत सोरेन की रैलियों से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं, खासकर आदिवासी और वंचित वर्ग के वोटरों पर इसका असर पड़ सकता है।