Kaushlendra Pandey नई दिल्ली: भारत सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स घटक विनिर्माण योजना (ECMS) के तहत 29 नए प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इन प्रस्तावों के जरिए करीब 7,104 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है, जिससे देश में 14,246 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री Ashwini Vaishnaw ने इस अवसर पर कहा कि भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने के लिए मजबूत आंतरिक डिजाइन क्षमताओं और सुदृढ़ घरेलू आपूर्ति श्रृंखला विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का फोकस केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि संपूर्ण इकोसिस्टम को आत्मनिर्भर बनाने पर है।
सरकार का मानना है कि इन स्वीकृत परियोजनाओं से न केवल देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आयात पर निर्भरता भी कम होगी और ‘मेक इन इंडिया’ पहल को नई गति मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा जारी इस फैसले को देश में तकनीकी विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)





























