प्रियंका भारद्वाज /पटना के बेउर स्थित Indian Institute of Health Education and Research की ओर से बिहारवासियों के लिए एक राहतभरी पहल शुरू की गई है। संस्थान ने ऐसे लोगों के लिए निःशुल्क जांच और उपचार अभियान शुरू किया है, जो हकलाहट, तुतलाहट, अस्पष्ट आवाज़, कम सुनाई देना, बहरापन या बोलने में असमर्थता जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
संस्थान के विशेषज्ञों के अनुसार, समाज में बड़ी संख्या में लोग इन समस्याओं को लाइलाज मानकर चुपचाप सहते रहते हैं, जबकि आधुनिक चिकित्सा और थेरेपी के जरिए इनका सफल उपचार संभव है। खास बात यह है कि ऐसे पुरुष, जिनकी आवाज़ स्त्रियों जैसी प्रतीत होती है, उनके लिए भी विशेष थेरेपी उपलब्ध कराई जा रही है।
यह निःशुल्क सुविधा पूरे अप्रैल महीने तक हर दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मरीजों की विस्तृत जांच कर उनके लिए उपयुक्त उपचार योजना बनाई जाएगी। संस्थान का कहना है कि इन समस्याओं के इलाज में समय लग सकता है, इसलिए मरीजों को जल्द से जल्द पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि समय रहते इलाज शुरू करने से परिणाम बेहतर और स्थायी होते हैं, खासकर बच्चों में। इसलिए अभिभावकों से अपील की गई है कि यदि उनके बच्चे बोलने या सुनने में किसी भी प्रकार की परेशानी झेल रहे हैं, तो उन्हें अवश्य जांच के लिए लाएं।
अधिक जानकारी या पंजीकरण के लिए इच्छुक लोग 8051855289, 7070096603 और 8969930011 पर संपर्क कर सकते हैं।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)




























