भारतीय सेना में उच्च स्तर पर अहम फेरबदल के तहत लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने बुधवार को दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का स्थान लिया है, जिन्होंने इसी दिन सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के रूप में जिम्मेदारी ग्रहण की।
लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं और जून 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त किया था। लगभग चार दशकों के अपने गौरवशाली सैन्य करियर में उन्होंने विभिन्न ऑपरेशनल और स्टाफ नियुक्तियों में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं।
अपने करियर के दौरान उन्होंने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशनल परिस्थितियों में नेतृत्व करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के कमांडेंट सहित कई प्रतिष्ठित जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और दक्षिणी कमान में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
पुणे स्थित दक्षिणी कमान भारतीय सेना की प्रमुख कमानों में से एक है, जो देश की सामरिक तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नए कमांडर के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल जैन के अनुभव और नेतृत्व से कमान की कार्यक्षमता और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




























